पाइप लीकेज से मांझी प्रखंड मुख्यालय गेट पर जलजमाव, राहगीरों को हो रही परेशानी
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: छपरा–ताजपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मांझी प्रखंड मुख्यालय के प्रवेश द्वार के समीप पीएचडी विभाग की नल-जल योजना के पाइप से लगातार हो रहे पानी के रिसाव के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। हालांकि आवागमन पूरी तरह बाधित नहीं है, लेकिन जलजमाव के कारण लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
प्रखंड परिसर में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना सहित आधा दर्जन से अधिक सरकारी कार्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने-अपने कार्यों से पहुंचते हैं। मुख्य गेट के सामने और आगे कई स्थानों पर पानी बहने से सड़क पर गड्ढे और कीचड़ फैल गया है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को संभलकर चलना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पीएचडी विभाग के मेन पाइप में लीकेज के कारण प्रखंड मुख्यालय गेट से मुख्य मार्ग तक लगभग आधा किलोमीटर की दूरी में तीन–चार जगह लगातार पानी बह रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नव निर्मित पीसीसी सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी जताई जा रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र पाइप लीकेज दुरुस्त कर समस्या के समाधान की मांग की है।

