बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को लेकर मांझी में जागरूकता रथ रवाना
सारण (बिहार): मांझी नगर पंचायत सहित पूरे मांझी प्रखंड को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा से मुक्त करने और बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रथ को नगर पंचायत परिसर से रवाना किया गया। जागरूकता रथ को उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया और प्रचार वाहन पर हस्ताक्षर कर इसे सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
यह जागरूकता रथ नगर पंचायत के प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ मांझी प्रखंड के सार्वजनिक स्थलों एवं गांव-गांव जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करेगा। प्रचार के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जाएगा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के भविष्य और समाज के विकास के लिए भी घातक है।
अभियान के दौरान लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठाने और इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जागरूकता रथ के माध्यम से “न्याय सबके लिए” का संदेश भी व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक समान न्याय और अधिकार की भावना पहुंचे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाल विवाह के उन्मूलन के लिए निरंतर और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि जब तक समाज स्वयं आगे आकर जिम्मेदारी नहीं लेगा, तब तक इस कुप्रथा का पूरी तरह अंत संभव नहीं है।

