सिसवन प्रखंड में किसान रजिस्ट्री कैंप का आयोजन, किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर किसानों की सुविधा और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से किसान रजिस्ट्री कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान किसानों का ई-केवाईसी किया गया और उनकी किसान रजिस्ट्री तैयार की गई, जिससे वे भविष्य में कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर सकें।
कैंप का निरीक्षण सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी रखा जाए। इस मौके पर कृषि समन्वयक अखिलेश कुमार, राजस्व कर्मचारी राजा कुमार एवं मधुकर कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।
कैंप में पहुंचे किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। अधिकारियों द्वारा किसानों को किसान रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें इस प्रक्रिया के लिए प्रोत्साहित किया गया। किसानों को बताया गया कि रजिस्ट्री पूर्ण होने के बाद वे फसल बीमा, अनुदान, कृषि ऋण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।
किसान रजिस्ट्री कैंप के आयोजन से किसानों में खुशी का माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में किसानों ने इसमें भाग लिया और भविष्य में मिलने वाले लाभों को लेकर उत्साह जताया। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस तरह के कैंप से उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने में काफी सहूलियत मिल रही है।

