20 लीटर देसी महुआ शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लीटर देसी महुआ शराब के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में गिरफ्तार महिला की पहचान पासी टोला निवासी कृष्णा चौधरी की पत्नी कमलावती देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से देसी महुआ शराब बरामद कर महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सिवान न्यायालय भेज दिया गया है।
इस संबंध में चैनपुर थाना अध्यक्ष विजय रंजन ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

