दहेज हत्या कांड में पुलिस की बड़ी सफलता, पति गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस को हरिहरनाथ थानान्तर्गत दहेज हत्या कांड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 04 फरवरी 2026 को की गई, जिससे इस गंभीर कांड में अब तक कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 जनवरी 2026 को हरिहरनाथ थाना को एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें वादी ने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई और शव को उनके घर के दरवाजे पर फेंक दिया गया। इस आवेदन के आधार पर हरिहरनाथ थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके तहत 21 जनवरी 2026 को तीन अभियुक्तों तथा 25 जनवरी 2026 को दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
इसी क्रम में 04 फरवरी 2026 को प्राथमिकी अभियुक्त सतेन्द्र कुमार, जो मृतका का पति है, को पटना (खगोल क्षेत्र) से गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही अब तक इस कांड में कुल छह अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस के अनुसार, शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सतेन्द्र कुमार, पिता स्वर्गीय रघुनाथ सिंह, निवासी करताहों बुजुर्ग, थाना करताहों, जिला वैशाली के रूप में की गई है। इस कार्रवाई में हरिहरनाथ थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की अहम भूमिका रही।

