सारण: शिव मंदिर के सामने झंडा होर्डिंग क्षतिग्रस्त, पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: गड़खा थाना क्षेत्र के ग्राम रघुपुर स्थित शिव मंदिर के समक्ष लगाए गए छोटे झंडा होर्डिंग को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गड़खा थाना को 04 फरवरी 2026 की सुबह करीब सात बजे सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा झंडा होर्डिंग को तोड़ा गया, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस की तत्परता से स्थिति को तत्काल शांत करा लिया गया।
पुलिस द्वारा इस मामले में गड़खा थाना में विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह शांति है तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द बनाए रखें।
