कोपा में चाकूबाजी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, क्षेत्र में शांति बहाल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस ने कोपा थानान्तर्गत चाकूबाजी की घटना में संलिप्त दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह घटना 03 फरवरी 2026 की संध्या पियानो मठिया के पास नवयुवकों के दो गुटों के बीच हुई चाकूबाजी से संबंधित है, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दो युवकों के घायल होने की पुष्टि हुई, जिनका इलाज चल रहा है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
कोपा थाना पुलिस द्वारा 04 फरवरी 2026 को पीड़ित का फर्द बयान दर्ज किया गया, जिसमें बताया गया कि 03 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे पूर्व के आपसी विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने पियानो मठिया के पास चाकू से हमला कर उन्हें और उनके बड़े भाई को जख्मी कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल, छपरा में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।
फर्द बयान के आधार पर कोपा थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर इस कांड में संलिप्त दो नामजद अभियुक्तों—मुजिबुल रहमान उर्फ गोलू और छोटे लाल साह उर्फ छोटू—को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सतत निगरानी रखी जा रही है। सारण पुलिस ने आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

