घाघरा नदी किनारे छापेमारी, 138 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर फरार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव स्थित घाघरा नदी के किनारे मंगलवार की देर रात मांझी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर विभिन्न ब्रांड की लगभग 138 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। हालांकि छापेमारी के दौरान शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
इस संबंध में मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो शराब तस्कर उत्तर प्रदेश से नाव के माध्यम से शराब लाकर घाघरा नदी के किनारे रेत में गाड़कर छिपा दिए हैं और उसे कहीं ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नदी किनारे रेत में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब को बरामद कर लिया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

