सारण के एसएसपी ने किया मुफ्फसिल थाना का निरीक्षण, 305 कांडों की हुई समीक्षा, दिया आवश्यक दिशा- निर्देश
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के द्वारा मुफ्फसिल थाना छपरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों तथा लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। इस क्रम में कुल 305 कांडों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा लंबित कांडों के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अनुसंधान की प्रगति, गिरफ्तारी की स्थिति, लंबित कांडों के कारण, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही आम जनता से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन एवं संवेदनशील पुलिसिंग पर बल दिया गया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर में उपस्थित आम नागरिकों के साथ जनसंवाद भी किया गया। जनसंवाद के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी कांडों में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं साक्ष्य-आधारित अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए तथा अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
