253 प्रधानाध्यापकों के वेतन भुगतान पर लगी रोक हटी
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण द्वारा पूर्व में जारी आदेश के तहत जिन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक का वेतन स्थगित किया गया था, उनके वेतन भुगतान पर लगी रोक हटा दी गई है। इस संबंध में वेतन रिलीज करने का पत्र जारी कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के ज्ञापांक 255 दिनांक 06/02/2026 के माध्यम से 253 प्रधानाध्यापकों का वेतन स्थगित किया गया था। यह कार्रवाई यू-डायस (UDISE) एवं ई-शिक्षाकोष (eShikshakosh) पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों में असंगति के कारण की गई थी।
सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिव सुरेंद्र सिंह एवं अध्यक्ष अरविंद यादव ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात कर अवगत कराया कि अधिकांश विद्यालयों द्वारा UDISE और eShikshakosh के आंकड़ों को लगभग समान कर दिया गया है। जो मामूली अंतर शेष है, वह छात्रों के आधार कार्ड नहीं बन पाने के कारण है।
संघ प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि फरवरी माह का वेतन लंबित रहने से टीडीएस (TDS) जमा करने में कठिनाई उत्पन्न होगी, जिससे प्रधानाध्यापकों को वित्तीय एवं प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण ने आंकड़ों में हुई प्रगति एवं टीडीएस कटौती से संबंधित संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वेतन स्थगन के आदेश को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया।
सारण जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने इस निर्णय के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
