सिसवन पंचायत समिति बैठक में नल-जल, बिजली, स्वास्थ्य और कृषि समस्याओं पर गरमाया सदन
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन सभागार में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र साह ने की, जबकि बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने किया। बैठक में नल-जल योजना, बिजली आपूर्ति, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं और इन मुद्दों पर सदन में विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान रामगढ़ पंचायत समिति सदस्य नंदकिशोर सिंह ने कहा कि समस्याओं का समय पर निदान नहीं होना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में लिए गए प्रस्ताव आज तक धरातल पर नहीं उतर सके हैं, जिससे जनसमस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने आगामी पंचायत समिति बैठक में पूर्व प्रस्तावों की समीक्षा कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सदन में चिंता जताई गई। नंदकिशोर सिंह ने कहा कि प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात नहीं है, जिसके कारण आम लोगों को इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है। वहीं, चैनपुर मुबारकपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दीपक तिवारी ने चैनपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया।
कृषि और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। घुरघाट पंचायत के मुखिया शैलेश तिवारी ने किसानों के लिए सिंचाई हेतु अब तक बिजली खंभा और ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने की बात सदन में रखी। इस पर संबंधित जेई अवधेश कुमार ने जल्द ही बिजली खंभा और ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया।
बैठक में विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं और समाधान की मांग की। इस अवसर पर मुखिया मुन्ना कुमार पासवान, रूपेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, श्यामकिशोर साह सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के अंत में जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया।

