गोलीकांड में पुलिस की दबिश का असर, एक नामजद आरोपी ने किया न्यायालय में आत्मसमर्पण
सारण (बिहार): भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत 1 फरवरी 2026 को होटल के पास पूर्व विवाद को लेकर हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना में पुलिस की लगातार दबिश का असर दिखने लगा है। इस मामले में संलिप्त एक नामजद आरोपी ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
घटना के संबंध में जख्मी के फर्द बयान के आधार पर भगवान बाजार थाना कांड संख्या 87/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।
लगातार पुलिस दबाव के चलते इस कांड के नामजद अभियुक्त सोनू सिंह, पिता स्वर्गीय संजय सिंह, निवासी नैनी, थाना मुफस्सिल, जिला सारण ने मंगलवार 3 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले अभियुक्त सोनू सिंह के विरुद्ध पूर्व से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े कांड शामिल हैं। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

