सिसवन रेफरल अस्पताल में मिशन इंद्रधनुष को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
टीकाकरण के माध्यम से गंभीर बीमारियों से मिलेगी सुरक्षा
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रेफरल अस्पताल परिसर में मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एम. सामीउद्दीन ने की। इस दौरान एज़ाद बीएचएम जितेंद्र दत्त गुप्ता, रवि कुमार श्रीवास्तव, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मॉनिटर रामबिहारी प्रसाद, यूनिसेफ के मॉनिटर अमित कुमार सिंह सहित सभी एएनएम, आशा और आशा फैसिलिटेटर मौजूद रहे। बैठक में मिशन इंद्रधनुष के तहत चल रहे टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी चरण को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि मिशन इंद्रधनुष का मुख्य उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के माध्यम से गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करना है। अभियान के अंतर्गत डिप्थीरिया, काली खांसी, टेटनस, पोलियो, टीबी, खसरा और हेपेटाइटिस-बी जैसी बीमारियों के विरुद्ध टीकाकरण किया जा रहा है। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर सर्वे और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मिशन इंद्रधनुष को सफल बनाने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।

