सिसवन क्षेत्र में मारपीट और सड़क हादसे की घटनाएँ, दो महिलाएँ व एक युवक घायल
सिवान (बिहार): चैनपुर ओपी क्षेत्र के माधवपुर गांव में आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला की पहचान स्थानीय निवासी अभिषेक महतो की पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में चैनपुर ओपी क्षेत्र के स्थानीय बाजार में आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक अन्य महिला घायल हो गई। घायल महिला सुरेश बांसफोर की पत्नी मीरा देवी बताई गई हैं। घटना के बाद उन्हें भी इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इस मामले की जानकारी भी पुलिस को दी गई है।
वहीं, सिसवन थाना क्षेत्र के माँझी–रघुनाथपुर मुख्य मार्ग पर भागर गांव के पास बाइक से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के आदमापुर गांव निवासी शंकर बिन का पुत्र रवि कुमार है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस सभी घटनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

