दियारा में मांझी पुलिस का बड़ा एक्शन, सात देसी शराब भट्ठियां ध्वस्त, 15 हजार लीटर पास नष्ट
शराब तस्करों के दिमाग देख आप भी चकरा जाएंगे!
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिला के माँझी थाना पुलिस ने रविवार की अहले सुबह शराब कारोबारियों के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर यूपी–बिहार सीमा से सटे सरयू नदी के दियारा क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध देसी शराब के निर्माण में लगे कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया गया।
पुलिस ने माँझी और बलिया जनपद के बीच स्थित दियारा इलाके में अभियान चलाकर सात अवैध देसी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लगभग 15 हजार लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब (पास) को भी नष्ट कर दिया गया। साथ ही देसी शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को भी पुलिस ने मौके पर ही विनष्ट किया।
इस संबंध में पूछे जाने पर माँझी थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ छापेमारी की गई, जिसमें शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही नष्ट किया गया।
थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शराब कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अवैध शराब के धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

