किसान रजिस्ट्री शिविरों का अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने किया निरीक्षण, किसानों से सीधा संवाद
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर चल रहे किसान रजिस्ट्री शिविरों का अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने दौरा कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और रजिस्ट्री से जुड़ी जानकारी ली। अंचल अधिकारी ने किसानों को बताया कि शिविरों में उनका ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है, जिससे उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे और समय पर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पंकज कुमार ने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो और सभी की रजिस्ट्री प्रक्रिया शीघ्र एवं सुचारू रूप से पूरी की जाए। साथ ही उन्होंने किसानों से संवाद कर शिविर की व्यवस्था को लेकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।
अंचल अधिकारी ने शिविरों में उपलब्ध संसाधनों, कर्मियों की तैनाती और कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में ये किसान रजिस्ट्री शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर किसान को समय पर योजनाओं का लाभ मिले।

