गुरुकुल ओलंपियाड का भव्य समापन, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के माधोपुर स्थित गुरुकुल शिक्षा निकेतन में पिछले कई महीनों से चल रहे गुरुकुल ओलंपियाड का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर साइंस, मैथेमेटिक्स एवं इंग्लिश ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में बच्चों के साथ अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों की भी सराहनीय उपस्थिति रही।
विद्यालय के निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुकुल ओलंपियाड को दो वर्गों में आयोजित किया गया था। ग्रुप ए में कक्षा एक से चार तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया, जबकि ग्रुप बी में कक्षा पांच से सात तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। ग्रुप ए में अश्विका कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं उज्ज्वल राय द्वितीय और सौम्या तृतीय स्थान पर रहीं। निदेशक ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ बौद्धिक विकास को भी मजबूत करती हैं।
समापन समारोह में जिला पार्षद ब्रजेश सिंह, पूर्व डीआईजी शिवाजी सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता हैप्पी यादव, सिसवन अंचलाधिकारी पंकज कुमार तथा कमलदेव तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

