चैनपुर में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का बीडीओ राजेश कुमार ने किया निरीक्षण
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के चैनपुर गांव में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप का प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंप में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बीडीओ ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कैंप में किसानों का ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है, ताकि पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषि अनुदान समेत अन्य योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। बीडीओ राजेश कुमार ने कैंप में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, कर्मियों की तैनाती और कार्य की गति का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो और सभी की रजिस्ट्री प्रक्रिया समयबद्ध व सुचारू रूप से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर बीडीओ राजेश कुमार ने किसानों से फीडबैक भी लिया और कैंप की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। किसानों ने भी रजिस्ट्री कैंप की सुविधा की सराहना की और इसे लाभकारी बताया।

