ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 5 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इसी क्रम में थाना गाडरवारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल करीब 1.5 लाख रुपये का सामान जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 08 फरवरी 2026 की सुबह गाडरवारा थाना पुलिस टीम द्वारा बायपास रोड जमाड़ा वेयरहाउस के पास संदेह के आधार पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से लगभग 75 हजार रुपये मूल्य का 5 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकुल शर्मा, पिता छोटेलाल शर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम करैया, थाना देवरी, जिला रायसेन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 05 किलो गांजा, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक MP38 MK 5464), रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन तथा नगदी जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि गांजा उसे उसके एक साथी द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8, 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी मुकुल शर्मा को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गाडरवारा एल.एस. डागुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक रामगोपाल सिंह राजपूत, तथा आरक्षक रूपेन्द्र चौबे, बालकृष्ण रघुवंशी, सुजीत बागरी, शिवम पटैल, दीपक राजपूत, अखिलेश पटैल और करन सिंह की विशेष भूमिका रही।

