इंदौर डीआईजी मनोज सिंह की पुत्री डॉ. आकांक्षा आयुषी का विवाह, खंडवा में मंत्री गौतम सिंह सहित दर्जनों अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के मुबारकपुर पंचायत निवासी स्वर्गीय शिक्षक शिव जतन सिंह के पौत्र एवं मध्यप्रदेश पुलिस में इंदौर ग्रामीण डीआईजी पद पर पदस्थापित मनोज सिंह की पुत्री डॉ आकांक्षा आयुषी का विवाह समारोह आगामी 10 फरवरी को संपन्न होगा। इस शुभ अवसर में शामिल होने के लिए ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से बिहार सरकार के पूर्व मंत्री गौतम सिंह सहित अन्य अतिथि मध्यप्रदेश के खंडवा स्टेशन पहुँचे, जहां पहले से मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
खंडवा स्टेशन पर स्वागत के दौरान पूर्व मंत्री गौतम सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें इंदौर में पदस्थापित डीआईजी मनोज सिंह की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस दौरान मध्यप्रदेश पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। साथ ही उन्होंने मुबारकपुर पंचायत के पूर्व मुखिया राहुल प्रकाश सिंह के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
स्वागत कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथि खंडवा से सड़क मार्ग द्वारा इंदौर के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर सत्येंद्र सिंह, मनोज सिंह, विजय सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला, वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस विवाह समारोह को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।

