हत्या व आर्म्स एक्ट के फरार अभियुक्त शेखर बिन्द गिरफ्तार, STF और पानापुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
सारण (बिहार): सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में STF टीम एवं पानापुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या एवं आर्म्स एक्ट के एक महत्वपूर्ण फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 06 फरवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर STF एवं पानापुर थाना की पुलिस टीम ने छापेमारी कर पानापुर थाना कांड संख्या 85/15, दिनांक 18 अगस्त 2015 से संबंधित अप्राथमिकी अभियुक्त शेखर बिन्द उर्फ शेखर राउत को गिरफ्तार किया। अभियुक्त पर धारा 452, 302, 120(बी), 34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शेखर बिन्द उर्फ शेखर राउत, पिता—भगवान बिन्द, निवासी—वृत भगवानपुर, थाना—पानापुर, जिला—सारण के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है और उससे पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
इस संयुक्त अभियान में पानापुर थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा STF टीम के सदस्य शामिल रहे। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

