अखंड अष्टजाम व भंडारे से सारण में गूंजा भक्ति का स्वर, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को एकमा प्रखंड क्षेत्र अखंड अष्टजाम और भंडारे के साथ क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। एकमा प्रखंड क्षेत्र के बाबा मोहब्बत नाथ मठिया, असहनी योगिया ब्रह्मा बाबा परिसर तथा बाबा दूधनाथ शिवालय नवादा और बाबा दुर्गेश्वर नाथ रसूलपुर मठिया में आयोजित अखंड अष्टजाम सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान विधिवत रूप से संपन्न हो गए। पूरे दिन मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना से क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर जिप प्रतिनिधि भीम सिंह एवं राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह राठौर, तनुजा सिंह व उनकी टीम द्वारा श्रद्धालुओं के लिए अलग से भंडारे का आयोजन किया गया, जहां भारी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के उद्घाटन के अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा उपस्थित रहे, जिन्हें आयोजकों द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
पागला बाबा ने अपने प्रवचन में कहा कि शिव महादेव इसलिए हैं क्योंकि वे सत्य और सुंदर के प्रतीक हैं, तथा सच्चे मन से आराधना करने वालों की मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। वहीं राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महेंद्रनाथ मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग बारह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

