दो बड़ी चोरी कांडों का खुलासा, सारण पुलिस ने ₹4.65 लाख नगद किया बरामद
सारण (बिहार): वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में सहाजीतपुर थाना क्षेत्र में घटित दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का त्वरित उभेदन करते हुए पुलिस ने कुल ₹4,65,000/- नगद राशि बरामद की है। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
पहला मामला सहाजीतपुर थाना कांड संख्या 24/26, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित है, जिसमें दिनांक 03.02.2026 को वादी द्वारा बैंक से ₹3,65,000/- की निकासी कर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखने के बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लेने की घटना दर्ज कराई गई थी।
दूसरा मामला थाना कांड संख्या 37/26, दिनांक 10.02.2026, धारा 303(2) बीएनएस से जुड़ा है, जिसमें वादी द्वारा बैंक से ₹1,00,000/- की निकासी के बाद मोटरसाइकिल की डिक्की से नगद राशि एवं बैंक दस्तावेज चोरी कर लिए गए थे।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा जिला आसूचना इकाई के सहयोग से की गई कार्रवाई में त्वरित सफलता प्राप्त करते हुए कुल ₹4,65,000/- (चार लाख पैंसठ हजार रुपये) बरामद किए गए हैं।
मामले में संलिप्त अज्ञात अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है तथा गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई प्रचलित है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
थानाध्यक्ष, सहाजीतपुर थाना एवं अन्य पुलिस कर्मी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2
जिला आसूचना इकाई, सारण
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक से बड़ी राशि की निकासी के पश्चात विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें।

