शिव शक्ति धाम पहुंचे सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूजा-अर्चना कर साध्वी पंछी देवी ओजस्वी को किया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के गोबरही स्थित शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर चल रहे सात दिवसीय यज्ञ के बीच शनिवार की देर शाम महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
सांसद ने कहा कि महाशिवरात्रि पूरे देश में सनातन धर्मावलंबियों द्वारा श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। गोबरही शिव शक्ति धाम में सात दिवसीय यज्ञ के साथ जिस अनुशासन और भक्ति भाव से पर्व का आयोजन किया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने लगभग एक घंटे तक यज्ञ स्थल पर बैठकर प्रवचन सुना और आयोजन की प्रशंसा की।
इस अवसर पर सांसद ने साध्वी पंछी देवी ओजस्वी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साध्वी के अनुयायियों ने बताया कि उनके पास किसी बोर्ड या विश्वविद्यालय की औपचारिक डिग्री नहीं है, किंतु वे दैविक शक्ति से संपन्न हैं और उन्हें तेरह भाषाओं का ज्ञान है। प्रवचन के दौरान साध्वी पंछी देवी ओजस्वी ने यज्ञ कर्ता विजय सिंह एवं अजय सिंह की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके जीवन में समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में धर्मेन्द्र सिंह समाज, उमा सिंह, सुनील सिंह, मुखिया दीपक मिश्रा, विजय सिंह, अजय सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और आस्था का विशेष माहौल देखा गया।

