सारण में आयुष्मान भारत की बड़ी कवरेज: 29 अस्पताल पैनल में, लाखों लाभार्थियों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज
छपरा (बिहार) | 14 फरवरी 2026
जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट एम्पैनलमेंट कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एक निजी अस्पताल को पैनल में शामिल करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। समिति ने संबंधित अस्पताल को फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र, क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत निबंधन अद्यतन करने एवं अन्य आवश्यक कमियों को दूर करने के लिए एक माह का समय प्रदान किया। अनुपालन के उपरांत पुनः बैठक कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
वर्तमान में सारण जिला में आयुष्मान भारत योजना के पैनल में कुल 29 अस्पताल शामिल हैं, जिनमें 18 निजी एवं 11 सरकारी अस्पताल सम्मिलित हैं। इन पैनल अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारी लाभार्थी प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा सकते हैं।
जिले में अब तक 13,47,212 पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। वहीं 70 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के 14,769 लाभार्थियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड जारी किया गया है। उपचार की दृष्टि से अब तक लगभग 9 हजार पात्र लाभार्थियों का सरकारी अस्पतालों में तथा लगभग 85 हजार लाभार्थियों का निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज किया गया है, जो योजना की व्यापक पहुंच को दर्शाता है।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत सारण जिला में 22,16,696 लोगों का आभा कार्ड निर्गत किया जा चुका है। साथ ही लगभग 500 से अधिक निजी नर्सिंग होम, क्लिनिक, पैथोलॉजी सेंटर एवं दवा दुकानों का पंजीकरण इस योजना के तहत किया गया है।
बैठक में सिविल सर्जन, संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीसी आयुष्मान भारत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाना प्राथमिकता है।

