नचाप के रिद्धि सिद्धि सेंट्रल स्कूल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, विधायक और सांसद हुए सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के भजौना नचाप पंचायत अंतर्गत नचाप गांव स्थित रिद्धि सिद्धि सेंट्रल स्कूल में इस वर्ष भी भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। ग्रामीण परिवेश के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक और देशभक्ति प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट और तालियों की गूंज से जीवंत हो उठा।
कार्यक्रम में एकमा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए, जिन्हें परमेश्वर सिंह द्वारा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार का सुसंगठित और सांस्कृतिक वातावरण अन्यत्र कम ही देखने को मिलता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें आत्मविश्वास का संचार होता है।
वहीं महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को भी परमेश्वर सिंह द्वारा शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि देहाती क्षेत्र में इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होने से गरीब तबके के बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे ग्रामीण परिवेश के छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर ऊंचे पदों तक पहुंच सकते हैं और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय के निदेशक राकेश कुमार सिंह की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका प्रयास सराहनीय है और इससे पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर मुकेश सिंह, धर्मेंद्र समाज, विकास सिंह, वीरेश सिंह (भाजपा नेता) सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यालय परिवार को निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।

