पत्रकारों का सम्मान, होली गीतों से सजा सांस्कृतिक मंच
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया का होली मिलन समारोह संपन्न, पत्रकारों का हुआ सम्मान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मशरक में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन पत्रकार दिनेश सिंह की अध्यक्षता में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें विधान परिषद सदस्य संचिता नंद राय, हरेन्द्र सिंह, प्रभात खबर के पत्रकार संग्राम सिंह, दैनिक भास्कर के पत्रकार अमन कुमार सिंह तथा दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी संचिता नंद राय ने होली के पर्व को मर्यादित और सांस्कृतिक स्वरूप में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अश्लीलता से दूर रहकर भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाई जानी चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
कार्यक्रम के दौरान जी न्यूज के पत्रकार राकेश सिंह तथा जिले के विभिन्न प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े सैकड़ों पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति आभार प्रकट करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार के प्रसिद्ध लोक गायक रामेश्वर गोप ने होली गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। उनके साथ कई महिला कलाकारों ने भी पारंपरिक होली गीत गाकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में पूर्व एमएलसी उम्मीदवार सुधांशु रंजन, मनोरंजन पाठक, विपिन मिश्रा, विशाल सिंह, मनोज सिंह सहित सैकड़ों पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम पूरे उत्साह, सौहार्द और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

