कमाई की तलाश बनी काल: डेढ़ माह पहले हरियाणा गया युवक हुआ हादसे का शिकार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के एक युवक की हरियाणा के मानेसर इलाके में हुई सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुघर छपरा गांव निवासी स्व. धर्मनाथ शर्मा उर्फ नन्हकू शर्मा के 20 वर्षीय पुत्र प्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार प्रकाश शर्मा बुधवार की देर शाम अपने बड़े भाई पवन शर्मा के क्वार्टर से साइकिल लेकर दूध लाने निकला था। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि प्रकाश करीब डेढ़ माह पूर्व रोजगार की तलाश में अपने बड़े भाई के पास हरियाणा गया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह काम कर घर की आर्थिक स्थिति सुधारने में सहयोग करेगा, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
इधर, बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां देवन्ती कुंअर का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है तथा मृतक के घर पर शोक संवेदना प्रकट करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

