शादी समारोह में देसी कट्टा लहराने वाला युवक गिरफ्तार, दाउदपुर पुलिस की कार्रवाई
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: दाउदपुर थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। गिरफ्तार युवक की पहचान नसीरा गांव निवासी अशोक सिंह के 18 वर्षीय पुत्र गुलशन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक एक शादी समारोह में देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो में दिखाई दिया था, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना के साथ एक वीडियो भी प्राप्त हुआ था, जिसमें युवक नसीरा गांव के एक विवाह समारोह में हथियार का प्रदर्शन करता नजर आ रहा था। सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थल पर छापेमारी की। समारोह स्थल पर घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही युवक मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुनः गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कोहड़ा बाजार की ओर जा रहा है। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वहां छापेमारी की और युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में युवक हथियार के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गुलशन सिंह के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

