शिव शक्ति धाम में हिंदू सम्मेलन, सामाजिक समरसता और एकता पर जोर
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: मांझी प्रखंड के गोबरही में स्थित शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में शुक्रवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक सारण चंदन कुमार ने हिंदू समाज की एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जितना अधिक समाज संगठित और एकजुट रहेगा, राष्ट्र उतना ही सशक्त होगा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा का उल्लेख करते हुए आगामी वर्षों की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। अपने उद्बोधन में उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी जैसे पांच प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
वहीं पृथ्वी नाथ ओझा ने हिंदू समाज के वैभवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन श्री रामकृष्ण सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन है, जो पिछले सौ वर्षों से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है।
इस अवसर पर शिव शक्ति धाम मंदिर के अध्यक्ष विजय सिंह ने सभी आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सुनील कुमार सिंह, रामकीशुन सिंह, जनार्दन सिंह (पूर्व प्राचार्य), चंदेश्वर महतो, धनंजय दुबे, सुमन दुबे, पूर्व सरपंच मनोज प्रसाद, अमिताभ ओझा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

