सारण: घर के पास गड्ढे में छिपाई गई 166 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर फरार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात शराब तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 166 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के धनीछपरा गांव में की गई।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव के दो व्यक्तियों द्वारा अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप लाकर घर के बगल स्थित गड्ढे में छिपाकर रखी गई है और उसे कहीं ले जाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान 166 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है तथा उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की आपूर्ति की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती से उनके प्रयास विफल हो रहे हैं।

