सांसद राजीव प्रताप रूडी के सौजन्य से लगा विशेष शिविर, सैकड़ों लाभार्थियों ने उठाया लाभ
सारण (बिहार): अमनौर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धरहरा खुर्द पंचायत के ग्राम धरहरा कला स्थित प्राथमिक राजकीय विद्यालय में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के सौजन्य से आयोजित हुआ।
शिविर में सैकड़ों लाभार्थियों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया तथा आयुष्मान कार्ड बनवाया। उपस्थित लोगों को आयुष्मान भारत योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा (युवा मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह भाजपा (युवा मोर्चा) के प्रवक्ता ई० आदित्य सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी अनिल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ई० आदित्य सिंह ने कहा कि सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों से यह निःशुल्क सेवा आम जनता तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रही है और सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए आयोजकों के प्रति आभार प्रकट किया।

