बंगरा कांड में नया मोड़, निर्दोषों को फंसाने का आरोप
बंगरा गोलीकांड में गिरफ्तारियां राजनीतिक साजिश का परिणाम: पूर्व मुखिया सीमा देवी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव में 10 फरवरी की देर शाम हुए गोलीकांड मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी को लेकर नया मोड़ आ गया है। बंगरा पंचायत की पूर्व मुखिया सीमा देवी ने इन गिरफ्तारियों को पूर्वाग्रह और गहरी राजनीतिक साजिश का परिणाम बताया है।
पूर्व मुखिया ने जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों को पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने पत्र की प्रति बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी मेल की है।
बंगरा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीमा देवी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों के मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की गंभीरता से जांच की जाए। उन्होंने अपने पति एवं पैक्स अध्यक्ष मकेश्वर सिंह सहित अन्य निर्दोष लोगों की रिहाई की मांग की।
उन्होंने स्थानीय पुलिस से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा वास्तविक दोषियों की पहचान कर मामले का खुलासा करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी को स्थानीय पशु चिकित्सक संजीव सिंह ने भूमि विवाद को लेकर हुए कथित गोलीकांड में आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए मारपीट और गोली चलाने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

