फारबिसगंज में डॉक्टर से कथित थप्पड़ कांड पर उबाल, BHSA ने दी 48 घंटे की चेतावनी
अररिया/सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित बचपन न्यू एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में गुरुवार को निरीक्षण के दौरान हुई कथित झड़प के बाद पूरे बिहार के चिकित्सा जगत में आक्रोश व्याप्त है।
आरोप है कि निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर रामबाबू प्रसाद ने डॉ. दीपक को थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद Bihar Health Services Association (भाषा) ने कड़ा रुख अपनाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाषा के महासचिव डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना अत्यंत निंदनीय है और इससे चिकित्सकों की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि संगठन ने सरकार को 48 घंटे का समय दिया है ताकि इस मामले में ठोस और सकारात्मक निर्णय लिया जा सके।
डॉ. रोहित कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकार की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है तो भाषा राज्यभर के डॉक्टरों की वर्चुअल बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय करेगी।
घटना के बाद चिकित्सकों में रोष देखा जा रहा है और वे दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

