शुभ संकेत: बिना डरे खाएं फाइलेरिया रोधी दवा, हल्की उल्टी-चक्कर सामान्य प्रतिक्रिया
सारण (बिहार): फाइलेरिया जैसी गंभीर एवं लाइलाज बीमारी से बचाव के लिए जिले में 10 फरवरी से 27 फरवरी तक सर्वजन दवा सेवन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिला रही हैं।
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने बताया कि फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी हैं। दवा खाने के बाद यदि किसी व्यक्ति को हल्की उल्टी, चक्कर या असहजता महसूस होती है तो यह खतरे का संकेत नहीं, बल्कि इस बात का संकेत है कि दवा शरीर में मौजूद माइक्रो-फाइलेरिया परजीवियों पर असर कर रही है। ऐसे लक्षण होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रखंड स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है, जो त्वरित उपचार सुनिश्चित कर रही है। हाल ही में नगरा प्रखंड में दवा सेवन के बाद तीन बच्चियों को घबराहट और उल्टी की शिकायत हुई थी। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल इलाज किया और बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हो गईं।
खाली पेट न लें दवा
सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि फाइलेरिया रोधी दवा खाली पेट नहीं खानी है। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा अत्यंत गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जानी है। अन्य सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही दवा का सेवन करें।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। यदि कुछ लोग दवा नहीं लेंगे तो संक्रमण की श्रृंखला बनी रहेगी। पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, स्वयंसेवी संगठन एवं सामाजिक कार्यकर्ता गांव-गांव सही जानकारी पहुंचाकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, बिना डरे दवा का सेवन करें और सामूहिक भागीदारी से जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने में योगदान दें।
#Filaria #MassDrugAdministration #SaranNews #Chapra #PublicHealth #BiharHealthDepartment #DiseasePrevention #HealthAwareness #RapidResponseTeam #FilariaFreeSaran

