मांझी हाल्ट के पास रेल पटरी पर मिला शव, पत्नी ने हत्या कर साक्ष्य मिटाने का लगाया आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: छपरा–बलिया रेलखंड के मध्य स्थित मांझी हाल्ट के समीप गुरुवार की रात बरामद शव के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी नीलम कुमारी ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर अपने पति की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को रेलवे पटरी पर रखे जाने का आरोप लगाया है।
आवेदन में नीलम कुमारी ने बताया कि उनके पति मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्यरत थे। 18 फरवरी को वे प्रतिदिन की तरह अपने घर से हीरो स्प्लेंडर बाइक से छपरा, सिवान तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दवा का बकाया पैसा वसूलने के लिए निकले थे। बकाया राशि की वसूली कर वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मांझी पुरानी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन पर शव रख दिया।
पत्नी के अनुसार, घटना की सूचना उन्हें मांझी पुलिस द्वारा दी गई। सूचना मिलने के बाद वे अपने परिजनों के साथ मांझी पहुंचीं, जहां रेलवे ट्रैक पर उनके पति का शव पड़ा हुआ था। उन्होंने आशंका जताई है कि बकाया राशि की वसूली के दौरान ही अज्ञात व्यक्तियों ने वारदात को अंजाम दिया।
नीलम कुमारी ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उनके पति ने घटना वाले दिन उन्हें चालीस हजार रुपये भेजे थे, जिससे लूटपाट के एंगल से भी घटना की जांच की संभावना जताई जा रही है।
आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं — हत्या, लूट और साक्ष्य छुपाने की साजिश — को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच की तैयारी है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

