मैट्रिक परीक्षार्थी पर चाकू से जानलेवा हमला, चार अज्ञात के खिलाफ जांच
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी नगर पंचायत स्थित इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से शनिवार को मैट्रिक की परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोरीगंज थाना क्षेत्र के डुमरी अड्डा गांव निवासी संतोष सिंह का पुत्र सौरभ कुमार मैट्रिक परीक्षा की प्रथम पाली में शामिल होने के बाद केंद्र से घर लौट रहा था। इसी दौरान मांझी चट्टी के समीप पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने पहले छात्र के साथ मारपीट की और उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्र द्वारा विरोध और भागने की कोशिश करने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घायल छात्र को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। घायल छात्र का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

