साहस की मिसाल: जान जोखिम में डाल युवक ने पोखरे में डूब रहे दो मासूमों की बचाई जान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी नगर पंचायत क्षेत्र के गोंढा गांव स्थित एक पोखरे में सोमवार की दोपहर डूब रहे दो मासूम बच्चों की जान एक साहसी युवक की तत्परता से बच गई। घटना के बाद इलाके में युवक के साहस और मानवता की जमकर सराहना हो रही है। डूबने से बचाए गए दोनों बच्चों को तत्काल ग्रामीणों के सहयोग से माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि वे सोमवार को दाउदपुर से सन्यासी बाजार होते हुए माँझी आ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पोखरे में डूबते दो बच्चों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना पोखरे में छलांग लगा दी और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सीएचसी पहुँचाया गया।
डूबने वाले बच्चों की पहचान धरणी दास के मठिया मोहल्ला निवासी सलीम अंसारी के चार वर्षीय पुत्र अरशद अली तथा मोजिम अंसारी की ढाई वर्षीय पुत्री सफा के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे घर के पास खेलते-खेलते पोखरे तक पहुँच गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे पोखरे के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय के साथ-साथ राहत का माहौल रहा। ग्रामीणों ने साहसी युवक की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि समय पर उसकी सूझबूझ और हिम्मत नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

