छपरा में जिला स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला आयोजित, 796 अभ्यर्थियों का चयन
सारण (बिहार): राजेंद्र स्टेडियम, छपरा में आज सोमवार को जिला स्तरीय एकदिवसीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला का भव्य आयोजन किया गया। मेले का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव (IAS), वरीय पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार (IPS), सहायक निदेशक नियोजन, उपनिदेशक नियोजन, नियोजन पदाधिकारी सुश्री पिंकी भारती, श्री विकास कुमार तथा निदेशक, लॉर्ड बुद्धा एकेडमी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने विभाग द्वारा की गई तैयारियों की सराहना की और कार्यक्रम के प्रारंभ में ही उमड़ी रोजगार अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को युवाओं के उत्साह का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह नियोजन मेला वर्तमान सरकार द्वारा निर्धारित एक करोड़ रोजगार सृजन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। साथ ही उन्होंने अवर प्रादेशिक नियोजनालय, छपरा को इस प्रकार के जनोपयोगी और उत्साहवर्धक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।
इस नियोजन सह मार्गदर्शन मेला में 28 निजी कंपनियों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से कुल 796 उम्मीदवारों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। इसके अतिरिक्त 9 विभिन्न विभागों द्वारा 1463 युवाओं को करियर, रोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे अभ्यर्थियों को भविष्य की दिशा तय करने में सहायता मिली।
कार्यक्रम के दौरान योग्य एवं चयनित अभ्यर्थियों के बीच स्टडी किट का वितरण भी किया गया। साथ ही विभाग द्वारा बड़ी संख्या में आगंतुकों का N.C.S. (नेशनल करियर सर्विस) पोर्टल पर निबंधन कराया गया, ताकि उन्हें आगामी नियोजन कैंप एवं मेलों में स्टडी किट एवं टूल किट जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए श्री गजेंद्र कुमार, कुशल युवा संचालक, हंसराजपुर को उनके विशेष योगदान हेतु ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया। अंततः सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से यह एकदिवसीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

