जंगल में फायरिंग करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, एसपी के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जंगल में गश्ती के दौरान वनरक्षक एवं चौकीदार पर बंदूक से फायरिंग करने वाले 06 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर बंदूक, एक भरमार बंदूक एवं दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को वनरक्षक ऋषिकेश टैगौर ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर लगभग 3 बजे गश्त के दौरान ग्राम आमापानी खारी तालाब के पास तीन व्यक्ति—राजा, अन्नू एवं सेवक—मिले। रोकने पर उनके द्वारा तथा उनके अन्य साथियों द्वारा हवाई फायरिंग की गई। इसके बाद आरोपियों ने वनरक्षक की मोटरसाइकिल को बंदूक की बट और कुल्हाड़ी से क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामला पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के संज्ञान में आते ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में तथा एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार दबिश दी।
पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के परिणामस्वरूप राजा उर्फ राजेन्द्र निवासी केरपानी, अभिषेक पटैल (लोधी) निवासी हिरनपुर, रंजीत लोधी, अनिल उर्फ अन्नी लोधी, सेवक ठाकुर एवं कैलाश उर्फ वरउ नौरिया, सभी निवासी ग्राम रमखिरिया को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 132, 296(ख), 125, 324(4), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुआतला निरीक्षक प्रियंका केवट, उप निरीक्षक सुमित तिवारी, प्रधान आरक्षक अशोक अहिरवार, आसिम हुसैन, जितेन्द्र पटैल, आरक्षक सुधर्म श्रीवास्तव, सतेन्द्र वेन, शंशाक मिश्रा, राजेश यादव, अखिलेश एवं सैनिक विनोद की सराहनीय भूमिका रही।

