इंटर की आख़िरी एग्जाम से छूटते ही डीजे पर झूमे छात्र, सड़क बनी डांस फ्लोर; एक घंटे तक थमा यातायात
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: मांझी स्थित दलन सिंह हाई स्कूल में चल रही इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार को जैसे ही समाप्त हुई, छात्रों का उत्साह मानो सड़क पर छलक पड़ा। पहली पाली की परीक्षा खत्म होते ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी स्कूल से बाहर निकले और जश्न का सिलसिला शुरू हो गया। तभी संयोग से उधर से गुजर रहा एक डीजे वाहन छात्रों के बीच फंस गया। बस फिर क्या था—डीजे की धुन बजते ही सड़क डांस फ्लोर में तब्दील हो गई। छात्र नाचते-गाते जश्न मनाने लगे और देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। डीजे संचालक ने वाहन निकालने की भरपूर कोशिश की, लेकिन छात्रों के जोश के आगे उसकी एक न चली। बाद में स्थानीय लोगों की समझाइश और भीड़ के धीरे-धीरे छंटने पर स्थिति सामान्य हुई, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।

