मांझी सीएचसी में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य संजीवनी, निःशुल्क जांच शिविर में उमड़ी भीड़
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझी में सोमवार को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर विशेष निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। शिविर में चिकित्सक डॉ. नीरज एवं एएनएम की टीम द्वारा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, वहीं डॉ. रोहित कुमार की देखरेख में सभी महिलाओं का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर के दौरान यूरिन जांच, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, एचआईवी, वजन, ब्लड शुगर सहित आवश्यकतानुसार अन्य चिकित्सीय परीक्षण किए गए। जांच के उपरांत सभी गर्भवती महिलाओं को आयरन की गोलियां एवं आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। महिलाओं को सुरक्षित गर्भावस्था को लेकर जरूरी स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
डॉ. रोहित कुमार ने महिलाओं को खान-पान पर विशेष ध्यान देने, स्वच्छता बनाए रखने, भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने तथा ओआरएस घोल का नियमित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जांच और संतुलित आहार से मां और शिशु दोनों स्वस्थ रह सकते हैं। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र की महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती नजर आई।

