किताबों से निकलकर प्रकृति की पाठशाला में पहुंचे छात्र, अलीपुर चिड़ियाखाना बना ज्ञान का जीवंत मंच
कोलकाता (पश्चिम बंगाल) 9 फरवरी:
खिदिरपुर के बाबूबाजार स्थित जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल के छठवीं कक्षा के छात्र सोमवार को विद्यालय द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण के तहत कोलकाता के प्रसिद्ध जूलॉजिकल गार्डेन, अलीपुर पहुंचे। वर्ष 1875 में स्थापित यह चिड़ियाखाना भारत का सबसे प्राचीन और विशाल चिड़ियाखाना माना जाता है, जिसे देखकर छात्र खासे उत्साहित नजर आए।
वसंत ऋतु के सुहावने मौसम में छात्रों ने न सिर्फ प्रकृति का आनंद लिया बल्कि जीव-जंतुओं की विविध दुनिया को करीब से समझने का अवसर भी पाया। भ्रमण के दौरान हाथी, बंदर, ज़ेब्रा, गैंडा, हिरण, बाघ, भालू और शुतुरमुर्ग जैसे पशु-पक्षी बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। छात्रों ने इन जीवों के व्यवहार और जीवनशैली को देखकर पुस्तकों में पढ़े ज्ञान को वास्तविक रूप में महसूस किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा चंद्रा ने इस सफल शैक्षणिक भ्रमण के लिए सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे शिक्षामूलक व छात्रोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया। इस भ्रमण को सफल बनाने में शिक्षिका सुनीता राउत, सुमन कुमार दास, राजेंद्र रजक, गिरिजेश शर्मा, राजेश शर्मा एवं बब्लू सिंह की सक्रिय भूमिका रही। शैक्षणिक भ्रमण ने छात्रों के चेहरे पर खुशी के साथ-साथ सीखने का नया उत्साह भी भर दिया।

