मांझी में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, डॉ. रोहित कुमार ने स्वयं दवा खाकर किया नेतृत्व
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझी में मंगलवार को फाइलेरिया (हाथी पांव) उन्मूलन अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने स्वयं डीईसी एवं अल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया जैसी गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान 10 फरवरी से 27 फरवरी तक चलाया जाएगा।
डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि यह अभियान भारत सरकार के राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। इसके तहत मांझी स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं जीविका दीदी घर-घर जाकर पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगी। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह दवा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि डीईसी और अल्बेंडाजोल दवाएं मच्छर-जनित परजीवी संक्रमण से फैलने वाले फाइलेरिया रोग को रोकने में अत्यंत प्रभावी हैं। हालांकि गर्भवती महिलाओं, दो वर्ष से कम आयु के बच्चों तथा गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाएगी। अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य केंद्र के सभी चिकित्सकों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से दवा का सेवन कर आमजन को जागरूक होने का संदेश दिया।

