मनोज सिंह उर्फ़ मुन्ना सिंह मेमोरियल कप: यादों और दोस्ती के नाम रहा क्रिकेट मुकाबला
युवाओं को खेल से जोड़ना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना मुख्य उद्देश्य: आयोजन समिति
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिला मुख्यालय स्थित राजेंद्र स्टेडियम में दोस्ती, स्मृति और सम्मान की अनोखी मिसाल देखने को मिली, जहां लगभग 40 वर्ष पुराने दोस्तों ने अपने दिवंगत साथी मनोज कुमार सिंह उर्फ़ मुन्ना की याद में एकदिवसीय जिलास्तरीय टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
45 से 55 वर्ष की आयु पार कर चुके इन साथियों ने एक बार फिर बल्ला और गेंद थामकर न केवल अपने बचपन की यादों को ताजा किया, बल्कि नई पीढ़ी के सामने सच्ची मित्रता और खेल भावना का संदेश भी प्रस्तुत किया। यह आयोजन केवल एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि दोस्ती, समर्पण और स्मृतियों को संजोने की भावनात्मक पहल बनकर सामने आया।
करीब चार दशक पहले साथ क्रिकेट खेलने वाले ये मित्र आज अलग-अलग शहरों में नौकरी और व्यवसाय कर रहे हैं। कोई दिल्ली से तो कोई बेंगलुरु से इस आयोजन में शामिल होने पहुंचा। पहले आपसी फ्रेंडली मैच खेला गया, इसके बाद प्रतियोगितात्मक मुकाबला हुआ, जिसमें राज्य स्तर के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। विजेता टीम को ‘मुन्ना सिंह मेमोरियल कप’ प्रदान किया गया।
यह आयोजन नंदिनी फाउंडेशन के तत्वावधान में संपन्न हुआ। फाउंडेशन पिछले दो वर्षों से लगातार इस मेमोरियल मैच का आयोजन कर रहा है, ताकि मुन्ना सिंह के क्रिकेट प्रेम, समर्पण और खेल भावना को जीवित रखा जा सके। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल मैच कराना नहीं, बल्कि युवाओं को खेल से जोड़ना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना है।
रियल एस्टेट व्यवसायी अनुज सिंह ने कहा कि मनोज भैया सारण के क्रिकेट जगत के प्रेरणास्रोत थे और उन्होंने अपने समय में कई युवाओं को मैदान तक पहुंचाया। वहीं इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी अजय गुप्ता अपने मित्र को याद कर भावुक हो उठे। उन्होंने भविष्य में प्रतियोगिता को और व्यापक स्तर पर आयोजित कर क्रिकेट बोर्ड से पंजीकरण कराने की योजना की जानकारी दी।
एकदिवसीय टी-20 मैच का उद्घाटन छपरा नगर निगम के मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा सांकेतिक शॉट खेलकर किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी खिलाड़ियों का उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रही थी।

