दिल्ली कैंट के पास रेल ट्रैक पर मिला मांझी के युवक का क्षत-विक्षत शव
रहस्यमय ढंग से लापता कमलेश कुमार सिंह का शव आरपीएफ ने किया बरामद, पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, गांव में शोक
मृतक की पहचान मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी स्व. माधव सिंह के 43 वर्षीय पुत्र कमलेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। शव को लेकर मांझी पहुंचे मृतक के पड़ोसी मनबोध कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार रात कमलेश अपने कमरे से रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे। रातभर परिजनों और परिचितों ने उनकी खोजबीन की। शुक्रवार को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी बीच आरपीएफ के माध्यम से ट्रेन से कटकर मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
रविवार को जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों के रुदन-क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा। उसी दिन सरयू नदी के किनारे अंतिम संस्कार संपन्न किया गया। मुखाग्नि मृतक के छोटे भाई सेंट्रल सिंह ने दी।
परिजनों के अनुसार कमलेश कुमार सिंह दिल्ली में रहकर कैटरिंग से जुड़े मजदूरों का एक समूह संचालित करते थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार पुत्रियां हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार के समक्ष भरण-पोषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

