फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का हुआ भौतिक सत्यापन, निर्धारित समय पर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा प्रखंड क्षेत्र में 10 फरवरी से 27 फरवरी तक संचालित फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शनिवार को भौतिक सत्यापन किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि मांझी चट्टी से लेकर प्रखंड के अंतिम छोर तक युद्ध स्तर पर दवा वितरण का कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य को 27 फरवरी तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी सुपरवाइजर एवं टीमें सक्रिय रूप से मैदान में कार्य कर रही हैं। प्रतिदिन दवा वितरण का सुपरविजन किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति दवा लेने से वंचित न रहे। टीम बाजार, गांव और विभिन्न टोलों में पहुंचकर भौतिक सत्यापन भी कर रही है तथा लोगों को दवा सेवन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मेहंदीगंज, ताजपुर, घोरहट, मोहम्मदपुर, शीतलपुर एवं दाउदपुर में स्थलीय जांच की गई। इस दौरान आशा कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाते नजर आए। मौके पर विवेक ब्याहुत, राम मूर्ति सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

