चलती ई-रिक्शा पर हमला, पलटने से चार घायल; गंगपुर बाजार में मचा हड़कंप
सिसवन थाना क्षेत्र के गंगपुर बाजार स्थित सिसवन–सीवान मार्ग पर शनिवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब चलती ई-रिक्शा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। हमला सीधे चालक पर किया गया, जिससे वह घायल हो गया और चलते वाहन का संतुलन बिगड़ने के बाद ई-रिक्शा पलट गई। हादसे में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमला करने वाले मौके से फरार हो गए।
घायलों की पहचान रामगढ़ निवासी अलगू महतो की पत्नी सुगिया देवी, भीखपुर गांव निवासी चंद्रिका महतो की पत्नी कोशिला देवी, सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के धानाडीह निवासी रामदास साह तथा रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के झंडा छपरा गांव निवासी रामशंकर दूबे के पुत्र हरिशंकर दुबे के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ई-रिक्शा हरिशंकर दुबे चला रहा था और वह रिजर्व में यात्रियों को चैनपुर से भागर ले जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ चालक पर हमला कर दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और सभी घायलों को तत्काल सिसवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। मामले में थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना प्राप्त हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर शीघ्र प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

