छपरा में भूकंप परिदृश्य पर व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन
छपरा, 26 फरवरी 2026
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार आज भूकंप परिदृश्य आधारित मॉक अभ्यास का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था।
चिन्हित सिमुलेशन स्थल
शहर के निम्नलिखित पाँच स्थानों को सिमुलेशन साइट के रूप में चयनित किया गया:
1. प्रभुनाथ नगर (चिल्ड्रेन पार्क), छपरा
2. जिला परिषद कार्यालय कैम्पस, छपरा
3. सदर अस्पताल, छपरा
4. प्रसाद पेट्रोल पंप, महमूद चौक, छपरा
5. अग्रणी अपार्टमेंट, कटहरीबाग, छपरा
कमांड एवं कंट्रोल व्यवस्था
सारण समाहरणालय परिसर में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया, जहाँ अपर समाहर्ता स्वयं पूरे अभ्यास की मॉनिटरिंग कर रहे थे।
राजेन्द्र स्टेडियम, छपरा में रेस्पांडर्स के लिए स्टेजिंग एरिया बनाया गया, जबकि जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में राहत शिविर स्थापित किया गया। राहत शिविर में सामुदायिक रसोई एवं चिकित्सीय सुविधा की समुचित व्यवस्था की गई थी।
रेस्क्यू एवं राहत प्रक्रिया
निर्धारित समय पर सायरन बजते ही सभी सिमुलेशन स्थलों पर रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ हुआ। विभिन्न एजेंसियों द्वारा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से जयप्रकाश विश्वविद्यालय स्थित राहत शिविर में पहुंचाया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न रेस्पांडर्स—प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, अग्निशमन सेवा एवं आपदा प्रबंधन टीम—द्वारा की जाने वाली समन्वित गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।
उद्देश्य
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य था कि वास्तविक आपदा की स्थिति में न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम के साथ सभी संबंधित एजेंसियाँ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन कर सकें तथा जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।

