भगवानपुर की बीटेक छात्रा अतिशी मयंक की पुणे में सड़क दुर्घटना में मौत, गांव में पसरा मातम
सिवान (बिहार): सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सहसरांव गांव निवासी राकेश कुमार सिंह की पुत्री, बीटेक की छात्रा अतिशी मयंक की गुरुवार को पुणे में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। अतिशी मयंक एमआईटी पुणे में बीटेक पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया तथा पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिशी मयंक अपने कॉलेज से किसी आवश्यक कार्य से बाहर निकली थी। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद वह अचेत होकर कोमा में चली गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के माता-पिता नागपुर पहुंचे, जहां कॉलेज प्रबंधन द्वारा इलाज की व्यवस्था कराई गई थी। अतिशी मयंक अपने पीछे माता-पिता के अलावा एक बहन और एक भाई गोलू कुमार को छोड़ गई है। भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है। मृतका का शव एयर एम्बुलेंस से पटना लाया गया, जहां से एम्बुलेंस के माध्यम से गांव पहुंचाया गया।
शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग एकत्र हो गए। बताया जाता है कि अतिशी मयंक बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थी और आगे चलकर कंप्यूटर की दुनिया में नाम कमाने का सपना देख रही थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। पुत्री की असामयिक मौत से पिता राकेश कुमार सिंह और दादा परशुराम सिंह फफक-फफक कर रो पड़े, जिसे देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सूचना मिलने पर पूर्व मुखिया जयशंकर भगत, रामनरेश राय, बगाली प्रसाद, कमल किशोर ठाकुर, सतेन्द्र प्रसाद रस्तोगी, अधिवक्ता यशवंत कुमार चमन सहित कई सामाजिक लोग गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

